उत्तर प्रदेशकानपुरताजा खबर

रनिया की टायर फैक्ट्री में फ्यूल टैंक में लगी आग, हादसे में दो लोगों की मौत

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News

कानपुर देहात। रनिया औद्योगिक क्षेत्र स्थित ओउम जेवीआरडी टायर फैक्ट्री में सोमवार शाम फ्यूल टैंक में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से दो लोगों की मौत होने की जानकारी मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने दी है। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक 21 सितंबर 2026 की शाम करीब 5:50 बजे माती फायर स्टेशन को रनिया स्थित टायर फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रतीक श्रीवास्तव स्वयं घटनास्थल के लिए रवाना हुए। माती फायर स्टेशन से तीन फायर टेंडर भी तत्काल मौके पर भेजे गए।

फायर विभाग की टीम जब घटनास्थल पर पहुंची तो फैक्ट्री में मौजूद दो फ्यूल टैंकों में से एक टैंक में आग लगी हुई थी। आग की लपटों को दूसरे टैंक तक पहुंचने से रोकने के लिए फायर कर्मियों ने दूसरे टैंक की कूलिंग शुरू कर दी।

आग पर काबू पाने के लिए फायर कर्मियों ने पानी के साथ फोम का इस्तेमाल किया। टीम की लगातार मशक्कत के बाद करीब आधे घंटे में आग पर नियंत्रण पा लिया गया और आग को दूसरे टैंक तक फैलने से रोक दिया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी के अनुसार इस हादसे में दो लोगों की दुखद मृत्यु हुई है। घटना के बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। अग्निशमन विभाग और संबंधित अधिकारी हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button