उन्नाव में सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदर्शनी का शुभारंभ

सदर विधायक, डीएम और भाजपा जिलाध्यक्ष ने किया उद्घाटन; किसानों को मिलेट्स और आधुनिक खेती के प्रति किया जागरूक
ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी , Kisan Mail News
उन्नाव। सेवा संकल्प अभियान के तहत सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। निराला प्रेक्षागृह सभागार में सदर विधायक पंकज गुप्ता, जिलाधिकारी घनश्याम मीना और भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने फीता काटकर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।
उद्घाटन के बाद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों एवं चित्रों का अवलोकन किया। इस दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं तथा विभिन्न उपलब्धियों की जानकारी दी गई।
मिलेट्स खेती और कृषि तकनीक पर जोर
कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग की ओर से मिलेट्स खेती एवं उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के तहत कृषक गोष्ठी आयोजित कर किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
सदर विधायक ने किसानों से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा मिलेट्स को दैनिक आहार में शामिल करने की अपील की। जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने किसानों को मिट्टी की जांच कराने और नवीन कृषि तकनीकों को अपनाने पर जोर दिया।
भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी और नगर पालिका अध्यक्ष ने भी किसानों को मिलेट्स के उत्पादन तथा जैविक खेती के प्रति जागरूक करते हुए कृषि क्षेत्र में उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।



