उत्तर प्रदेशताजा खबरलखनऊ

2017 से पहले माफिया के सामने नाक रगड़ती थी सरकार, अब कानून के राज में काम कर रही पुलिस: सीएम योगी

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में माफिया और अपराधियों के सामने सरकार नाक रगड़ती थी, लेकिन आज उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। पुलिस व्यवस्था में व्यापक बदलाव और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने यह बातें लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहीं, जहां उन्होंने 87 अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वीरता का परिचय देने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। साथ ही उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी प्रकाश सिंह की पुस्तक ‘संघर्ष’ का विमोचन भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुलिस की भूमिका, सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी संसाधनों और प्रदेश में हुए पुलिस सुधारों पर विस्तार से अपनी बात रखी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बंद कमरे में टिप्पणी करना आसान होता है, लेकिन जब सुरक्षा हटा दी जाती है तो बड़े से बड़े व्यक्ति को भीगी बिल्ली बनने में देर नहीं लगती। उन्होंने पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था की अहमियत बताते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

सीएम योगी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश पुलिस रिफॉर्म लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। प्रदेश में वर्तमान में सात पुलिस कमिश्नरेट कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अपराधों पर निगरानी रखने के लिए प्रदेश में 14 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की मदद से न केवल घटनाओं का खुलासा करने में सहायता मिल रही है, बल्कि अपराधों की रोकथाम में भी प्रभावी भूमिका निभाई जा रही है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश पुलिस की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रदेश पुलिस को पहली बार कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया है। वीरगति को प्राप्त इंस्पेक्टर सुनील कुमार के परिवार को भी सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त 16 पुलिसकर्मियों को राष्ट्रपति वीरता पदक और 10 पुलिसकर्मियों को मुख्यमंत्री वीरता पदक प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसकर्मियों का साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण ताकत है। उन्होंने सम्मानित पुलिसकर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके परिवारों के प्रति भी सम्मान व्यक्त किया।

लोकभवन में आयोजित इस कार्यक्रम में 87 अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहनों को रवाना करना पुलिस की यातायात निगरानी और प्रवर्तन क्षमता को आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में प्रस्तुत किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक संसाधनों और तकनीक के माध्यम से पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास जारी है।

Related Articles

Back to top button