उन्नाव: रिश्तेदार बनकर महिला से हुई साइबर ठगी, पुलिस ने वापस कराए 7,344 रुपये

जिला संवाददाता — देवेंद्र तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। साइबर ठगी का शिकार हुई महिला को सदर कोतवाली की साइबर टीम ने राहत दिलाई है। पुलिस ने पीड़िता के खाते से ठगी गई पूरी धनराशि 7,344 रुपये वापस करा दी। रकम वापस मिलने पर महिला ने राहत महसूस की।
पुलिस के अनुसार, शेखपुर नरी निवासी मुन्नी देवी ने 18 सितंबर को कोतवाली सदर में साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि साइबर ठग ने रिश्तेदार बनकर उनसे धोखाधड़ी की और फोन-पे के माध्यम से उनके खाते से 7,344 रुपये निकाल लिए।
शिकायत के बाद साइबर टीम ने की कार्रवाई
शिकायत मिलने के बाद सदर कोतवाली की साइबर टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए ठगी गई पूरी धनराशि पीड़िता के खाते में वापस करा दी। पुलिस की इस कार्रवाई से महिला को आर्थिक राहत मिली।
पुलिस टीम की रही भूमिका
यह कार्रवाई एसएसपी जय प्रकाश सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। इसमें प्रभारी निरीक्षक चन्द्र कान्त मिश्र, महिला आरक्षी सोनिया शर्मा और आरक्षी ऐलिस श्रीवास की भूमिका रही।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि फोन पर रिश्तेदार या परिचित बनकर पैसे मांगने वाले व्यक्तियों की पहचान की पुष्टि जरूर करें। किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर यूपीआई के माध्यम से रकम भेजने से पहले सावधानी बरतें, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके।



