उन्नाव-लालगंज हाईवे पर कोरारी कलाँ के पास भीषण हादसा: डीसीएम के नीचे दबकर युवक की मौत, दो घायल; जेसीबी से पलटवाया गया वाहन

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
अचलगंज (उन्नाव)। अचलगंज थाना क्षेत्र में उन्नाव-लालगंज हाईवे पर गणेश खेड़ा के सामने ईश्वरीखेड़ा कट के पास गुरुवार शाम करीब पांच बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। वैगनआर कार के कट पर यू-टर्न लेने के दौरान सामने आई स्थिति से बचने के प्रयास में उन्नाव से रायबरेली की ओर जा रही डीसीएम अनियंत्रित होकर सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। टक्कर के बाद डीसीएम बाइक समेत सड़क किनारे खंती में जा घुसी। हादसे में बाइक सवार तीन युवक उसकी चपेट में आ गए। बाइक चला रहा युवक निर्मल डीसीएम के अगले हिस्से के नीचे बुरी तरह फंस गया। मौके पर जुटे लोगों ने जेसीबी की मदद से डीसीएम को पलटवाकर उसे बाहर निकाला। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में आवश्यक कार्रवाई की। तीनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने निर्मल को मृत घोषित कर दिया।


जेसीबी की मदद से निकाला गया युवक
जानकारी के अनुसार, अचलगंज थाना क्षेत्र के कोरारी खुर्द निवासी निर्मल (33)पुत्र प्रकाश , सुजीत पुत्र रमेश और मुकेश पुत्र राजकुमार गुरुवार शाम एक ही बाइक से उन्नाव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वे उन्नाव-लालगंज हाईवे पर गणेश खेड़ा के सामने ईश्वरीखेड़ा कट के पास पहुंचे। बताया जा रहा है कि कट पर यू-टर्न ले रही वैगनआर कार के कारण बनी स्थिति से बचने के प्रयास में डीसीएम चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। डीसीएम बाइक से टकराने के बाद सड़क किनारे खंती में जा घुसी।

हादसे के बाद बाइक चला रहा निर्मल बाइक समेत डीसीएम के अगले हिस्से के नीचे मिट्टी में बुरी तरह दब गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद जेसीबी की मदद ली गई। लोगों ने मिलकर डीसीएम को पलटवाया और काफी मशक्कत के बाद निर्मल को बाहर निकाला। हादसे के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
अचलगंज पुलिस ने तत्काल पहुंचकर संभाली स्थिति
हादसे की सूचना मिलते ही अचलगंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल पर स्थिति संभालने के साथ घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाने की कार्रवाई की। एंबुलेंस की मदद से तीनों युवकों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने निर्मल को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पुलिस की तत्काल मौजूदगी और स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल युवकों को अस्पताल पहुंचाया जा सका।
दो माह पहले सऊदी से घर लौटा था निर्मल
हादसे में जान गंवाने वाला निर्मल तीन भाइयों पवन, विमल और निर्मल में सबसे छोटा था। परिजनों के मुताबिक, वह करीब दो माह पहले ही सऊदी अरब से घर लौटा था। उसकी पत्नी मोनी साहू की करीब ढाई वर्ष पहले मौत हो गई थी। पत्नी की मौत के बाद से निर्मल परिवार के साथ रह रहा था। युवक की सड़क हादसे में मौत की खबर से परिवार में दुख का माहौल है।
मुकेश को हल्की चोट, सुजीत की हालत सामान्य
हादसे में घायल मुकेश पुत्र राजकुमार को हल्की चोटें आई हैं और वह घर पर है। वहीं सुजीत को अस्पताल ले जाया गया था। उसकी हालत सामान्य बताई गई है और परिजन उसे घर ले जाने की तैयारी कर रहे थे। इस हादसे में निर्मल की मौत से कोरारी खुर्द गांव में शोक की स्थिति है।



