नीमगांव थाना क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात, खेत के विवाद में बाइक सवार युवक की गोली मारकर हत्या

लखीमपुर खीरी / गोला गोकर्णनाथ:
जिले के नीमगांव थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक वारदात सामने आई। बाइक से बाजार से लौट रहे 25 वर्षीय युवक की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने युवक को घेरकर करीब चार राउंड फायरिंग की, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।
ढकिया गांव के पास को अंजाम दी वारदात
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रामखेड़ा गांव निवासी विपुल अवस्थी (25) पुत्र रमाशंकर के रूप में हुई है। विपुल अपने परिवार के साथ गांव में रहकर खेती-किसानी के कामों में पिता की सहायता करता था। उसकी शादी महज एक साल पहले ही हुई थी।
चचेरे भाई रोहित कुमार ने बताया कि रविवार को विपुल गांव के ही एक अन्य युवक के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर बाजार गया था। जब वे दोनों वापस लौट रहे थे, तो ढकिया गांव के पास पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन्हें घेर लिया।
चार राउंड फायरिंग, मौके पर ही तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, हमलावरों ने विपुल को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ करीब चार राउंड गोलियां चलाईं। गोलियां लगने से विपुल गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गोलियों की तड़तड़ाहट और फायरिंग की आवाज से आसपास के चौराहे पर भारी अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
छह महीने पहले हुआ था खेत जोतने को लेकर विवाद
मृतक के भाई रोहित कुमार ने पुलिस को दी गई जानकारी में बताया कि करीब छह महीने पहले खेत की जुताई को लेकर विपुल और विपक्षियों के बीच आपसी विवाद हुआ था। आरोप है कि उसी रंजिश के चलते विपक्षियों ने उसे पहले भी जान से मारने की धमकी दी थी, जिससे अंदेशा है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और उच्च अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: संवाददाता अकबर अली, हिंदी दैनिक किसान मेल





