बैसवारा की धरती पर बनेगा भव्य मंदिर, अस्पताल और विद्यालय, अरुण सिंह ने समर्पित की 13 बीघा जमीन; प्रदीप मिश्रा ने दी सहमति

ब्यूरो रिपोर्ट: ऋषभ तिवारी
बीघापुर (उन्नाव)। उन्नाव के बीघापुर क्षेत्र स्थित गौरी गांव में आयोजित श्री शिवदीप शिवमहापुराण कथा के चतुर्थ दिवस पर धार्मिक आयोजन के साथ एक बड़ी घोषणा सामने आई। कथा के मुख्य आयोजक एवं जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष अरुण सिंह ने बैसवारा की पावन धरती पर भव्य मंदिर, अस्पताल और विद्यालय सहित अनेक जनकल्याणकारी निर्माण कार्य कराने का संकल्प लिया। इसके लिए उन्होंने 13 बीघा भूमि श्री विठलेश सेवा समिति को समर्पित करने की घोषणा की। उन्होंने इस संकल्प को अपनी माता स्वर्गीय श्रीमती कांति सिंह की पुण्य स्मृति को समर्पित किया है।

13 बीघा जमीन पर बनेगा सेवा, संस्कार और सनातन का केंद्र
अरुण सिंह ने बताया कि श्री शिवदीप शिवमहापुराण कथा के चतुर्थ दिवस पर उन्होंने उन्नाव के श्रद्धालुओं के साथ व्यासपीठ पर विराजमान पंडित प्रदीप मिश्रा से उन्नाव की पावन धरती पर अपना एक स्थान स्थापित करने का सामूहिक निवेदन किया। पूज्य महाराज श्री ने उनके विनम्र आग्रह को सहर्ष स्वीकार किया और अपनी सहमति प्रदान की। इसके बाद अरुण सिंह ने इस पुनीत कार्य के लिए 13 बीघा भूमि देने की घोषणा की।
अरुण सिंह के अनुसार, यह भूमि श्री विठलेश सेवा समिति को समर्पित की गई है। यहां उनकी माता स्वर्गीय श्रीमती कांति सिंह की पुण्य स्मृति में भव्य मंदिर के साथ अस्पताल और विद्यालय सहित कई जनकल्याणकारी निर्माण कार्य कराए जाने का संकल्प है। इन निर्माण कार्यों में पूज्य महाराज श्री का सानिध्य एवं मार्गदर्शन रहेगा।

उन्होंने कहा कि यह उनके लिए केवल भूमि समर्पित करने का विषय नहीं, बल्कि संत सेवा, सनातन संस्कृति के संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों को आध्यात्मिक संस्कारों से जोड़ने का एक प्रयास है। बैसवारा की धरती पर यह स्थान सेवा, संस्कार और सनातन का भव्य केंद्र बनेगा।
हरदोई सांसद जयप्रकाश रावत समेत कई जनप्रतिनिधि पहुंचे
कथा के चतुर्थ दिवस पर हरदोई के सांसद जयप्रकाश रावत कथा स्थल पहुंचे। उन्होंने पंडित प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से शिवमहापुराण कथा का श्रवण किया। इसके बाद व्यासपीठ पर पहुंचकर पूज्य महाराज श्री का सम्मान किया तथा भगवान भोलेनाथ की आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर सफीपुर विधायक बंबालाल दिवाकर और उन्नाव सदर विधायक पंकज गुप्ता भी कथा स्थल पहुंचे। जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति के बीच श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण किया।

एमएलसी अरुण पाठक को प्रदीप मिश्रा ने भेंट किया रुद्राक्ष
चौथे दिन भाजपा के स्नातक क्षेत्र के एमएलसी अरुण पाठक का भी कथा स्थल पर आगमन हुआ। इस अवसर पर पंडित प्रदीप मिश्रा ने व्यासपीठ से उन्हें रुद्राक्ष भेंट कर सम्मानित किया। संतों का सानिध्य, जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति और श्रद्धालुओं की आस्था से आयोजन की भव्यता लगातार बढ़ रही है।

शिवमहापुराण कथा में उमड़ रहे श्रद्धालु
गौरी गांव में 30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक आयोजित सात दिवसीय श्री शिवदीप शिवमहापुराण कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पंडित प्रदीप मिश्रा शिव महापुराण के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से भगवान शिव की महिमा, भक्ति, श्रद्धा और जीवन में धार्मिक संस्कारों के महत्व का वर्णन कर रहे हैं। कथा पंडाल में श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ प्रवचन सुन रहे हैं।
आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशाल पंडाल, पेयजल, पार्किंग, चिकित्सा और सुरक्षा की व्यवस्थाएं की गई हैं। पुलिस एवं आयोजन समिति की ओर से भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मातृ स्मृति में जनकल्याणकारी संकल्प बना चर्चा का विषय
कथा के चौथे दिन अरुण सिंह की ओर से 13 बीघा भूमि समर्पित करने की घोषणा आयोजन की प्रमुख चर्चाओं में रही। मंदिर के साथ अस्पताल और विद्यालय निर्माण का संकल्प इस आयोजन को धार्मिक कार्यक्रम से आगे जनकल्याणकारी पहल के रूप में भी सामने लाता है। अब क्षेत्रीय लोगों की निगाहें इस प्रस्तावित निर्माण कार्य की आगे की प्रक्रिया पर टिकी हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट: ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News



