उत्तर प्रदेशताजा खबर

सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा 19 व 20 नवम्बर को; 6 मण्डल मुख्यालयों पर दो-दो पालियों में होगी आयोजित

उत्तर प्रदेश में सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा 19 व 20 नवम्बर को; 6 मण्डल मुख्यालयों पर दो-दो पालियों में होगी आयोजित: अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार

विज्ञापन संख्या 04/2026 के अंतर्गत 08 नवम्बर से आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध होगी परीक्षा जनपद की अग्रिम सूचना

15 नवम्बर से डाउनलोड किए जा सकेंगे प्रवेश पत्र; बिना वैध प्रवेश पत्र के परीक्षा केंद्र में प्रवेश की नहीं होगी अनुमति

आगरा, मेरठ, गोरखपुर, लखनऊ, प्रयागराज एवं वाराणसी में शुचितापूर्ण व पारदर्शी ढंग से संपन्न होगी परीक्षा

लखनऊ, 06 नवम्बर 2026।

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि आयोग द्वारा विज्ञापित सहायक आचार्य (Assistant Professor) पद हेतु लिखित परीक्षा आगामी 19 एवं 20 नवम्बर 2026 को प्रदेश के 06 मण्डल मुख्यालयों पर आयोजित की जाएगी। आयोग के विज्ञापन संख्या 04/2026 के अंतर्गत यह परीक्षा आगरा, मेरठ, गोरखपुर, लखनऊ, प्रयागराज एवं वाराणसी के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर दो-दो पालियों में पूर्ण शुचिता, निष्पक्षता एवं पारदर्शी व्यवस्था के साथ संपन्न कराई जाएगी। इसके तहत दोनों दिन प्रथम पाली की परीक्षा पूर्वाह्न 09:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 02:30 बजे से शाम 04:30 बजे तक संचालित होगी। उल्लेखनीय है कि इस पद हेतु विज्ञापन विगत 08 सितम्बर 2026 को प्रकाशित किया गया था।

उक्त परीक्षा हेतु आवेदन करने वाले समस्त अभ्यर्थियों के परीक्षा जनपद की अग्रिम सूचना संबंधी विवरण आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://upessc.up.gov.in पर 08 नवम्बर 2026 से जारी कर दिया जाएगा। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट के मुख्य पृष्ठ (होमपेज) पर उपलब्ध लिंक पर जाकर अपनी वांछित प्रविष्टियां अंकित करते हुए आवंटित परीक्षा जनपद की अग्रिम जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, जिससे वे अपनी यात्रा एवं आवागमन की व्यवस्था समय रहते सुगमतापूर्वक सुनिश्चित कर सकें।

आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि 08 नवम्बर को प्रदर्शित होने वाला विवरण केवल परीक्षा जनपद की अग्रिम सूचना है और यह परीक्षा का अधिकृत प्रवेश पत्र नहीं है। परीक्षा हेतु वैध प्रवेश पत्र आयोग की उक्त वेबसाइट के माध्यम से 15 नवम्बर 2026 से डाउनलोड किए जा सकेंगे। अभ्यर्थियों से कहा कि बिना वैध प्रवेश पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश अथवा परीक्षा में सम्मिलित होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button