अंडर-14 बास्केटबॉल में फतेहपुर की बेटियों ने जीता कांस्य पदक, स्टेशन पर हुआ भव्य स्वागत

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
फतेहपुर। जनपद की प्रतिभाशाली बालिकाओं ने प्रदेश स्तरीय अंडर-14 बास्केटबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। प्रयागराज मंडल का प्रतिनिधित्व कर रही कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) ऐराया और विजयीपुर की बालिकाओं ने प्रदेश स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।
प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन गोरखपुर स्थित सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में किया गया था। मंडल स्तर पर विजेता बनने के बाद टीम ने प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और अपने खेल का प्रभावी प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान हासिल किया।
केजीबीवी ऐराया की टीम में शिवानी, मोनिका, जया, रुचि, मेनका, आरोही, पायल, शालिनी, रुचि द्वितीय और रंजना शामिल रहीं। टीम का मार्गदर्शन खेल अध्यापिका सरोज देवी ने किया।
वहीं विजयीपुर की टीम में खुशी कुमारी, दीपिका, रौशनी, मुस्कान, महिमा, रजनी, राजवती और लक्ष्मी ने प्रतिभाग किया। इन बालिकाओं को खेल शिक्षक भूपेंद्र सिंह ने प्रशिक्षण दिया।
प्रतियोगिता के समापन पर महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज, गोरखपुर में विजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
जनपद लौटने पर खागा रेलवे स्टेशन पर बालिकाओं के स्वागत के लिए उत्सव जैसा माहौल रहा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रिंसी मौर्या के निर्देशन में बीईओ मुख्यालय नरेंद्र सिंह, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी दीपक कुमार पाण्डेय, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा शीलू त्रिपाठी, प्रशिक्षण समन्वयक अशोक त्रिपाठी, बीईओ रत्नामणि मिश्रा व रजनीश श्रीवास्तव, वार्डन रेखा शुक्ला, मंजू यादव सहित करीब डेढ़ दर्जन शिक्षकों ने बालिकाओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया। आरती उतारकर और मिठाई खिलाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया।
इस दौरान राज्य संसाधन समूह सदस्य जयचंद्र पाण्डेय, लेखाकार संजय पाण्डेय, अर्पित त्रिपाठी समेत एआरपी और शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।
अधिकारियों ने कहा कि बेटियों को उचित अवसर और प्रोत्साहन मिले तो वे खेल समेत हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन कर सकती हैं।


