उत्तर प्रदेशताजा खबरफतेहपुर

श्रीराम लाइफ इंश्योरेंस के नाम पर ठगी का आरोप, पुलिस चौकी में हंगामा

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News

फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के आबूनगर स्थित एक कार्यालय पर श्रीराम लाइफ इंश्योरेंस के नाम का इस्तेमाल कर लोगों से रुपये लेने का आरोप सामने आया है। मामले को लेकर कई पीड़ितों ने पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत की और कार्रवाई की मांग की।

पीड़ितों का आरोप है कि पेट्रोल पंप और बस स्टॉप के आसपास शादीशुदा जोड़ों को गिफ्ट कूपन देने के नाम पर रोका जाता है। इसके बाद नाम-पता और मोबाइल नंबर जैसी जानकारी लेकर उन्हें आबूनगर स्थित कार्यालय में इंटरव्यू और सम्मान समारोह के नाम पर बुलाया जाता है।

बलेसर गून निवासी अभिषेक शर्मा और अनुराग तिवारी समेत अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि कार्यालय में गुड़िया सोनी नाम की महिला मैनेजर और कुछ युवतियों का समूह लोगों को कथित स्कीम के बारे में जानकारी देता है। पीड़ितों के मुताबिक शुरुआत में दो लाख रुपये जमा करने पर सालाना करीब 40 हजार रुपये मिलने, बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने और विदेश यात्रा जैसे फायदे बताए गए।

आरोप है कि लोगों को यह भी बताया गया कि कंपनी के अपने स्कूल और कॉलेज दुबई तक में संचालित हैं। पीड़ितों का कहना है कि बाद में इन दावों की जानकारी जुटाने पर उन्हें संबंधित संस्थानों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।

पीड़ितों के अनुसार इसके बाद तत्काल करीब 30 हजार रुपये जमा करने का दबाव बनाया गया और कहा गया कि सीमित लोगों को ही यह ऑफर दिया जा रहा है। आरोप है कि कई लोगों से स्कैन के माध्यम से करीब 25 से 35 हजार रुपये तक जमा कराए गए। पीड़ितों के मुताबिक दी गई रसीद पर रकम को नॉन-रिफंडेबल बताया गया है।

मामला पुलिस चौकी पहुंचने के बाद पुलिस ने महिला मैनेजर को बुलाकर पूछताछ की। पीड़ितों का कहना है कि महिला मैनेजर की ओर से सभी जमाकर्ताओं की रकम वापस करने का आश्वासन दिया गया।

पीड़ितों के साथ पहुंचे अधिवक्ताओं ने मामले की विस्तृत जांच की मांग की। उनका आरोप है कि बड़ी बीमा कंपनी के नाम का कथित तौर पर इस्तेमाल कर लोगों को रकम जमा करने के लिए प्रेरित किया गया। पीड़ितों की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है।

अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि लोगों से रकम किस आधार पर ली गई और पूरे मामले में कंपनी के नाम एवं पहचान का इस्तेमाल किस प्रकार किया गया।

Related Articles

Back to top button