25 दिन बाद खुला ब्लाइंड मर्डर का राज: पति-पत्नी ने गला घोंटकर की परी की हत्या, तेजाब से जलाया चेहरा

बागपत।।उत्तर प्रदेश के बागपत में करीब 25 दिन पहले मिले 16 वर्षीय किशोरी के अधजले शव के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोप में पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है।
जांच के मुताबिक, मृतका की पहचान मथुरा निवासी 16 वर्षीय परी के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, परी के मथुरा निवासी सागर से संबंध थे। सागर की पत्नी को इसकी जानकारी हुई तो दोनों के बीच विवाद होने लगा। आरोप है कि इसी विवाद के चलते पति-पत्नी ने परी को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने परी को बहाने से दिल्ली बुलाया, जहां कथित तौर पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को स्कूटी से बागपत के जंगल में ले जाया गया। पहचान छिपाने के लिए शव के चेहरे और शरीर पर तेजाब डाला गया और आग लगा दी गई।
घटना के बाद बागपत के जंगल में अज्ञात किशोरी का शव मिलने से हड़कंप मच गया था। चेहरा बुरी तरह झुलस जाने के कारण पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती उसकी पहचान करना थी। पुलिस ने पांच टीमें गठित कर सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से जांच आगे बढ़ाई।
जांच की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस मृतका की पहचान तक पहुंची और इसके बाद सागर व उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पूछताछ में क्राइम शो और धारावाहिकों से प्रभावित होकर सबूत मिटाने की कोशिश करने की बात स्वीकार की है।
करीब 25 दिन की जांच के बाद ब्लाइंड मर्डर का खुलासा होने से पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।



