गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों ने गजनी खेड़ा स्थल का किया निरीक्षण

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव/गंगाघाट। आगामी गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अधिकारियों ने गंगाघाट क्षेत्र के गजनी खेड़ा स्थित विसर्जन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सदर एसडीएम राजेश कुमार विश्वकर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश सिंह और सदर क्षेत्राधिकारी विनी सिंह ने गंगाघाट कोतवाली प्रभारी अजय कुमार सिंह के साथ मौके पर पहुंचकर विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को देखा। संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पर्याप्त सुरक्षा और जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। भीड़ को नियंत्रित करने और शांतिपूर्ण तरीके से विसर्जन संपन्न कराने पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के निरीक्षण के बाद संबंधित विभागों ने विसर्जन स्थल की व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।



