पति और महिला मित्र समेत छह के खिलाफ मुकदमा, विवाहिता ने लगाया दहेज उत्पीड़न का आरोप

ब्यूरो ऋषभ तिवारी
उन्नाव/शुक्लागंज, 8 अगस्त 2026। गंगाघाट थाना क्षेत्र के नेहरू नगर निवासी विवाहिता ने अपने पति समेत छह ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता रिचा पांडेय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 जुलाई की शाम करीब आठ बजे वह सब्जी लेकर जोगाभोगा वाली गली से अपने घर लौट रही थी। आरोप है कि रास्ते में उसके पति अनुराग बाजपेयी और पति की महिला मित्र टीना सोनी ने उसे देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता के मुताबिक, किसी तरह वह वहां से बचकर अपने मायके पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह अपने पिता के साथ ससुराल स्थित बाटू श्याम मंदिर वाली गली, गोपीनाथ पुरम पहुंची। आरोप है कि वहां पति अनुराग के अलावा सास कल्पना, ससुर अवधेश बाजपेई, जेठ प्रांजुल और जेठानी शिवानी ने भी उसके साथ अभद्रता और मारपीट की।
विवाहिता ने आरोप लगाया कि ससुरालीजन लगातार पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे हैं। मांग पूरी नहीं होने पर उसे घर में रहने नहीं देने की धमकी दी जाती है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि लगातार हो रहे कथित उत्पीड़न से वह मानसिक रूप से परेशान है।
मामले में पुलिस ने विवाहिता की तहरीर के आधार पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: दैनिक किसान मेल न्यूज़



