छुट्टा मवेशी को बचाने में पेड़ से टकराई रोडवेज बस

ब्यूरो ऋषभ तिवारी
बस में सवार करीब 40 यात्रियों की अटकी सांसें, सभी सुरक्षित; बारिश में कम दृश्यता बनी वजह
पाटन, उन्नाव। उन्नाव-लालगंज हाईवे पर सोमवार देर रात बड़ा हादसा होते-होते बच गया। बिहार थाना क्षेत्र के चिकंदरपुर के पास कानपुर से अमेठी जा रही रोडवेज बस अचानक सामने आए छुट्टा मवेशी से टकरा गई। मवेशी को बचाने के प्रयास में चालक ने बस को मोड़ दिया, जिससे बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी।
हादसे के समय बस में करीब 40 यात्री सवार थे। अचानक हुई टक्कर के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
चालक के अनुसार घटना के समय तेज बारिश हो रही थी। बारिश के कारण सड़क पर फिसलन के साथ-साथ दृश्यता भी कम थी। इसी दौरान अचानक सड़क पर मवेशी आ गया। उसे बचाने की कोशिश में बस का संतुलन बिगड़ गया और बस पेड़ से टकरा गई।
टक्कर के बाद बस का स्टीयरिंग भी जाम हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकलवाया। यात्रियों को दूसरे वाहनों की मदद से उनके गंतव्य की ओर भेजा गया।
हादसे के बाद एक बार फिर हाईवे पर छुट्टा मवेशियों की समस्या सामने आई है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर आए दिन मवेशी घूमते रहते हैं, जिससे रात और बारिश के समय दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाईवे और प्रमुख सड़कों पर घूम रहे छुट्टा मवेशियों को हटाने तथा पशु आश्रय स्थलों में रखने की प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है।



