उज्जैन से महाकाल दर्शन कर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

ब्यूरो ऋषभ तिवारी
उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र के अब्बासबाग निवासी 32 वर्षीय शुभम वर्मा की शनिवार को औरैया के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। शुभम उज्जैन में महाकाल के दर्शन करने के बाद दोस्तों के साथ कार से घर लौट रहा था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। रविवार को शव घर पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
परिजनों के मुताबिक शुभम कार से उतरकर सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल शुभम की हादसे में मौत हो गई। घटना के बाद उसके साथ मौजूद लोगों ने परिवार को हादसे की जानकारी दी।
कानपुर में ज्वैलरी मेकिंग का करता था काम
शुभम कानपुर के चौक इलाके में ज्वैलरी मेकिंग का काम करता था। चाचा सुजीत सोनी ने बताया कि वह करीब चार दिन पहले दोस्तों के साथ उज्जैन में महाकाल के दर्शन के लिए गया था। दर्शन के बाद लौटते समय यह हादसा हो गया।
साथ गए युवकों पर परिजनों को शक
हादसे को लेकर परिजनों ने शुभम के साथ उज्जैन गए युवकों पर भी संदेह जताया है। परिवार का कहना है कि घटना की परिस्थितियां उन्हें संदिग्ध लग रही हैं और उन्हें हत्या की आशंका है। हालांकि, फिलहाल मामले में परिजनों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस में शिकायत के बाद ही आगे की जांच और कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।
पिता की मौत के बाद परिवार का सहारा था शुभम
शुभम के पिता किशोर कुमार वर्मा का पहले ही निधन हो चुका है। परिजनों के अनुसार उनके बाद शुभम ही परिवार की जिम्मेदारियां संभाल रहा था। उसकी मौत से मां माया देवी और पत्नी कोमल पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शव घर पहुंचते ही दोनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
परिवार अब हादसे की वास्तविक वजह और शुभम की मौत की परिस्थितियों को लेकर जांच की मांग कर रहा है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस जांच में ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला महज सड़क दुर्घटना का था या इसके पीछे कोई और वजह थी।



