शिक्षक सम्मान समारोह में उत्कृष्ट शिक्षकों को मिला सम्मान

ब्यूरो ऋषभ तिवारी
सदर विधायक पंकज गुप्ता ने प्रशस्ति-पत्र देकर बढ़ाया हौसला, शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने का संकल्प
उन्नाव। शिक्षक दिवस के अवसर पर विकास भवन सभागार में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकासखंडों से चयनित उत्कृष्ट शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने से शिक्षकों में उत्साह नजर आया।
कार्यक्रम में सदर विधायक पंकज गुप्ता ने उत्कृष्ट शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने शिक्षकों को बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ उनके बेहतर भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का संदेश दिया।
शिक्षा विभाग के अधिकारी रहे मौजूद
समारोह में बीएसए शैलेश कुमार पांडेय और डीआईओएस सुनील कुमार दत्त सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष ब्रजेश पाण्डेय समेत अन्य शिक्षक प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
विभिन्न विकासखंडों से चयनित शिक्षकों के साथ एसआरजी डॉ. रचना सिंह, डॉ. मुसर्रत फातिमा और अखिलेश चंद्र शुक्ला को भी सम्मानित किया गया।
कई विकासखंडों के शिक्षक सम्मानित
कार्यक्रम में सफीपुर, सिकंदरपुर सरोसी, गंजमुरादाबाद, बांगरमऊ, नवाबगंज और हसनगंज क्षेत्र के उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मान मिला। शिक्षकों को उनके बेहतर कार्य और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।
विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करते हैं। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार और सही दिशा देना शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों ने शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया। समारोह के दौरान शिक्षकों में उत्साह और खुशी का माहौल रहा।



