उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

अज्ञात वाहन की टक्कर से डाककर्मी की मौत, चार महीने पहले हुई थी शादी

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी

उन्नाव। अचलगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में पुरवा डाकघर के बाबू की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा पुरवा-अचलगंज मार्ग पर अजीतखेड़ा गांव के पास हुआ, जहां अज्ञात वाहन ने बाइक सवार डाककर्मी को टक्कर मार दी।

पिपरिया जमुका निवासी अभिषेक यादव (30) पुत्र रामबाबू पुरवा डाकघर में बाबू के पद पर कार्यरत थे। शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। अजीतखेड़ा गांव के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अभिषेक को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई।

बताया गया कि अभिषेक ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन हादसा इतना भीषण था कि सिर में गंभीर चोट लग गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

फरवरी में हुई थी शादी

मृतक की मां सरोज यादव ने बताया कि अभिषेक की शादी फरवरी 2026 में शालू से हुई थी। परिवार में बड़ा बेटा अखिलेश भी बीमार रहता है, ऐसे में घर की जिम्मेदारियां काफी हद तक अभिषेक के कंधों पर थीं। उनकी बहन दिव्या यादव लेखपाल हैं।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

अभिषेक की मौत से मां, पत्नी समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचलगंज थाना प्रभारी एसएन त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button