तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से दूध विक्रेता की मौत, दो बाइक सवार घायल

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार रात हुए सड़क हादसे में एक दूध विक्रेता की मौत हो गई। हादसा लखनऊ-कानपुर हाईवे के पास हुआ, जहां सड़क पार कर रहे दूध विक्रेता को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक भी घायल हो गए।
शिवसिंहखेड़ा गांव निवासी धर्मराज (48) पुत्र रामस्वरूप दूध का काम करते थे। उनके बड़े भाई देशराज के मुताबिक शुक्रवार रात करीब नौ बजे धर्मराज गांव के बाहर हाईवे किनारे स्थित दुकान पर दूध देने पैदल जा रहे थे। इसी दौरान लखनऊ-कानपुर हाईवे पर पहुंचते ही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में धर्मराज को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक सवार लखनऊ निवासी बृजेश (32) और बच्चा (16) भी घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया, लेकिन बाद में वहां से बिना बताए चले गए।
बाइक पुलिस ने कब्जे में ली
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बाइक को कब्जे में ले लिया है। हादसे की जानकारी मिलते ही धर्मराज के परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि धर्मराज तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे। उनके दो बच्चों की पहले ही मौत हो चुकी थी।
पति की मौत से पत्नी संगीता समेत परिवार के अन्य सदस्य सदमे में हैं। सदर कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत मिश्रा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। बाइक को कब्जे में लिया गया है और तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



