उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

उन्नाव में कच्ची दीवार गिरने से बाबा-पौत्र की मौत

ब्यूरो ऋषभ तिवारी

किसान मेल | उन्नाव

उन्नाव। लगातार हो रही बारिश के बीच सदर कोतवाली क्षेत्र के मसवासी गांव में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। घर की कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिरने से उसके पास बैठे बाबा और उनके मासूम पौत्र मलबे में दब गए। परिजनों और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मसवासी गांव निवासी करीब 60 वर्षीय हंसराम अपने आठ वर्षीय पौत्र आयु के साथ बुधवार सुबह घर की दीवार के पास बैठे थे। बारिश के कारण दीवार पहले से कमजोर बताई जा रही थी। करीब 10:15 बजे अचानक दीवार भरभराकर दोनों के ऊपर गिर गई।

दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर घर में मौजूद परिजन मौके पर पहुंचे। परिवार और आसपास के लोगों ने तत्काल मलबा हटाने का काम शुरू किया। काफी प्रयास के बाद दोनों को बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम में बच्चे की मौत पेट में गंभीर चोट और लीवर फटने से होने की बात सामने आई, जबकि हंसराम की मौत सिर में गंभीर चोट लगने से हुई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

परिजनों के मुताबिक आयु दो बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत से मां और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सामने अब आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।

घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की बात कही। मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता के चेक भी दिए गए।

बारिश के कारण जिले के कई इलाकों में कच्चे मकानों और कमजोर भवनों को लेकर खतरा बढ़ गया है। प्रशासन की ओर से लोगों से जर्जर और कमजोर मकानों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

Related Articles

Back to top button