जिला निर्वाचन अधिकारी के द्वारा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कराया गया मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण

लखनऊ खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उत्तर प्रदेश विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 के मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारी / जिलाधिकारी श्री विशाख जी0 के द्वारा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मरकरी हाल में कराया गया मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण
12 अक्टूबर 2026 लखनऊ।
आज दिनांक 12 अक्टूबर को लखनऊ खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उत्तर प्रदेश विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 के मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारी / जिलाधिकारी श्री विशाख जी0 के द्वारा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मरकरी हाल में पीठासीन अधिकारी व मतदान अधिकारी प्रथम का प्रशिक्षण कराया गया। ज़िला निर्वाचन अधिकारी द्वारा बताया गया कि मतदान प्रशिक्षण दो पालियों में आयोजित किया गया। अतः सभी प्रशिक्षणार्थियों / निर्वाचन ड्यूटी में लगे कार्मिकों ने ससमय पहुँच कर उपस्थिति दर्ज कराई।
जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान कार्मिकों को मतदान से पूर्व की तैयारियों, मतदान केंद्र पर व्यवस्थाओं, मतदान प्रक्रिया के सुचारु संचालन, मतदाताओं की पहचान, मतपत्रों के उपयोग, मतदान की गोपनीयता बनाए रखने तथा निर्वाचन से संबंधित अभिलेखों के संधारण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उक्त के पश्चात जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा रमाबाई स्थल स्थित पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल, स्ट्रांग रूम एवं मतगणना स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आगामी लखनऊ खंड स्नातक एवं लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के दृष्टिगत निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पोलिंग पार्टियों के ड्यूटी प्राप्ति स्थल, निर्वाचन सामग्री वितरण स्थल, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का सुव्यवस्थित लेआउट तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें तथा पोलिंग पार्टियों के आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, मतगणना स्थल की आवश्यक व्यवस्थाओं तथा निर्वाचन से संबंधित सभी तैयारियों को समयबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उक्त के पश्चात जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों की महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई। बैठक में आगामी विधान परिषद के लखनऊ खण्ड स्नातक एवं लखनऊ खण्ड शिक्षक निर्वाचन-2026 के मतदान को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जनपद में कुल 45 सेक्टर एवं 9 जोन बनाए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी मतदान केंद्रों का आगामी तीन दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से निरीक्षण कर लें। निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों की वर्तमान स्थिति, निर्धारित रूट, पर्याप्त कक्षों की उपलब्धता, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप, पेयजल, प्रतीक्षालय सहित भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान पाई जाने वाली कमियों को चिह्नित कर उनके समयबद्ध निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा निर्धारित चेकलिस्ट एवं निरीक्षण रिपोर्ट 15 अक्टूबर, 2026 तक अनिवार्य रूप से जमा की जाए।
उक्त प्रशिक्षण, निरीक्षण एवं बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी नगर पूर्वी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर जिलाधिकारी नागरिक आपूर्ति, मंडी सचिव, एआरटीओ, अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा, एलडीए, स्मारक समिति, जिला विकास अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी समस्त सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।





