जन्माष्टमी पर गौशाला पहुंचे CVO, गोवंश का किया पूजन

संवाददाता सचिन पांडे
डॉ. विनोद कुमार ने माला पहनाकर लगाया तिलक, गुड़-केला खिलाकर लिया व्यवस्थाओं का जायजा
उन्नाव। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद कुमार ने गौशाला पहुंचकर गोवंश का विधि-विधान से पूजन किया। उन्होंने गोवंश को माला पहनाकर तिलक लगाया और गुड़ व केला खिलाया। इस दौरान गौशाला में गोवंश को हरा चारा और अन्य आहार भी उपलब्ध कराया गया।
गौशाला की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
पूजन के बाद सीवीओ ने गौशाला की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के साथ गोवंश के लिए पर्याप्त मात्रा में चारा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पशुओं की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बीमार पशुओं के तत्काल उपचार के निर्देश
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने गोवंश के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि बीमार पशुओं की पहचान कर उनका तत्काल उपचार कराया जाए और उनकी नियमित निगरानी की जाए।
गो-प्रेम और करुणा का संदेश देता है श्रीकृष्ण का जीवन
डॉ. विनोद कुमार ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन गो-प्रेम, करुणा और सेवा का संदेश देता है। गोवंश का संरक्षण और संवर्धन हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से गोवंश के संरक्षण और उनकी सेवा में बढ़-चढ़कर सहयोग करने का आह्वान किया।
किसान मेल | ब्यूरो रिपोर्ट



