उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

लोन नदी का कहर, अढ़ौली गांव में घुसा पानी, रास्ते जलमग्न

ब्यूरो ऋषभ तिवारी

500 बीघा फसल पानी में डूबी, ग्रामीण घरों में कैद; सांसद ने 300 पीड़ितों को बांटी राहत सामग्री

उन्नाव। लोन नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से जिले के कई गांवों में मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। पोरई के बाद शुक्रवार को नदी का पानी अढ़ौली गांव में भी घुस गया। गांव की गलियां और आने-जाने वाले रास्ते जलमग्न होने से ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया। खेतों में पानी भरने से करीब 500 बीघा फसल भी जलमग्न होने की जानकारी सामने आई है। 

कई गांवों में बिगड़े हालात

लोन नदी के बढ़े जलस्तर से पोरई, बहुराजमऊ, कुकुरी, दिलीप नगर, मीरमऊ और परसंदा समेत कई गांव प्रभावित हैं। अढ़ौली में घरों के बाहर पानी भरने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं जयराजमऊ और पोरई में भी रास्तों पर पानी भरा हुआ है।

पाटन-पुरवा मार्ग पर करीब एक किलोमीटर हिस्से में सड़क और पुल के ऊपर से पानी बहने की स्थिति बताई गई है। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में राजस्व टीमों की तैनाती की गई है।

सांसद ने बांटी राहत सामग्री

सांसद साक्षी महाराज और विधायक आशुतोष शुक्ला ने जयराजमऊ और पोरई पहुंचकर प्रभावित लोगों को राहत सामग्री वितरित की। जयराजमऊ में करीब 200 और पोरई में 100 लोगों को राहत सामग्री दी गई। प्रशासन के अनुसार फसल नुकसान का आकलन भी कराया जा रहा है। 

Related Articles

Back to top button