थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए रक्तदान शिविर आयोजित, विधायक पंकज गुप्ता ने किया शुभारंभ

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव। थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों की मदद के लिए गुरु सिंह सभा के पास पोल्का फाउंडेशन की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य कानपुर और आसपास के क्षेत्रों के 231 थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग करना रहा।
सदर विधायक पंकज गुप्ता ने फीता काटकर रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान आयोजकों ने विधायक का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।
विधायक ने शिविर में रक्तदान करने वाले लोगों से बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने रक्तदाताओं के सेवाभाव और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और किसी जरूरतमंद की जान बचाना पुनीत कार्य है।
रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए विधायक ने उन्हें फ्रूटी भी भेंट की। उन्होंने थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए आयोजित इस मानवीय पहल के लिए पोल्का फाउंडेशन और सभी रक्तदाताओं का आभार जताया।



