50 हजार के इनामी हत्यारोपी को एसटीएफ ने पुणे से पकड़ा

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव। अचलगंज थाना क्षेत्र में करीब एक साल पहले हुई हत्या के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को एसटीएफ ने महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामला गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के अखलाख नगर निवासी इमरान उर्फ काले की हत्या से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार 7 जुलाई 2025 को इमरान की हत्या कर उसका शव अचलगंज क्षेत्र के सिटी ड्रेन में फेंक दिया गया था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना वाली रात उसे बाइक से कुछ लोग अपने साथ लेकर गए थे।
जांच में यह बात सामने आई कि मृतक की पत्नी शीबा के कथित प्रेम संबंध के चलते हत्या की साजिश रची गई थी। पुलिस ने पहले मामले में फरमान उर्फ चुन्ना और शीबा को गिरफ्तार किया था, जबकि घटना के बाद से रफीक फरार चल रहा था।
लंबे समय तक गिरफ्तारी न होने पर पुलिस ने आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। एसओजी और एसटीएफ की टीमें उसकी तलाश में लगी थीं। सर्विलांस और अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाने के बाद एसटीएफ को आरोपी के पुणे में होने का पता चला।
इसके बाद एसटीएफ की अयोध्या फील्ड यूनिट ने कार्रवाई करते हुए उसे पुणे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पकड़े जाने के बाद हत्या के मामले में पुलिस की कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।



