उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

उन्नाव: प्रसव के बाद महिला की मौत, न्यू मां हॉस्पिटल सील; आशा बहू गिरफ्तार

संवाददाता सचिन पांडे

उन्नाव में प्रसव के बाद इलाज के दौरान महिला की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए न्यू मां हॉस्पिटल को सील कर दिया गया है। वहीं पुलिस ने मामले में गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर आशा बहू को गिरफ्तार किया है।

बताया जा रहा है कि प्रसव के बाद महिला की हालत बिगड़ी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और मामले की शिकायत अधिकारियों तक पहुंची। इसके बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई शुरू की।

मामले में मार्तण्ड पटेल को मास्टरमाइंड बताए जाने की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच के दौरान शिवेंद्र पटेल, सुनैना अग्निहोत्री और दीपक पटेल समेत कई अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। अस्पताल से जुड़े डॉक्टर की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि डॉक्टर रीतेश फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और उसकी लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।

इधर, सीएमओ डॉ. अजय कुमार शर्मा के निर्देश पर नोडल अधिकारी नरेंद्र कुमार ने न्यू मां हॉस्पिटल के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे सील करा दिया। नोडल अधिकारी नरेंद्र कुमार ने कार्रवाई की पुष्टि की है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है, जबकि स्वास्थ्य विभाग अस्पताल के संचालन और उपचार से जुड़े पहलुओं की जांच में जुटा है। मामले में आगे और लोगों पर कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button