उत्तर प्रदेशताजा खबरलखनऊ

लखनऊ: LPG सिलेंडर के लिए दबाव बनाने वाले चौकी प्रभारी निलंबित

लखनऊ: राजधानी लखनऊ में गैस एजेंसी संचालक और कर्मचारियों के साथ अभद्रता तथा LPG सिलेंडर देने के लिए दबाव बनाने के आरोप में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। डीसीपी उत्तरी ने महिगवां थाना क्षेत्र की पहाड़पुर चौकी के प्रभारी एसआई जगमोहन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, पहाड़पुर चौकी प्रभारी एसआई जगमोहन पर आरोप है कि उन्होंने एक गैस एजेंसी संचालक पर LPG सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए दबाव बनाया। इस दौरान गैस एजेंसी के संचालक और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की भी शिकायत सामने आई। मामला अधिकारियों तक पहुंचने के बाद पुलिस विभाग ने इसे गंभीरता से लिया।

डीसीपी उत्तरी ने पूरे प्रकरण की जांच कराई और प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर एसआई जगमोहन को तत्काल निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया। निलंबन की कार्रवाई के बाद महिगवां क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वर्दी और पद का दुरुपयोग कर किसी भी व्यक्ति पर अनुचित दबाव बनाने या आम लोगों के साथ अभद्रता करने के मामलों में विभाग की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने और जनता के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करने के रूप में देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button