उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

26 वर्षों से शिक्षकों के सम्मान की परंपरा जारी, अन्नू टंडन ने 95 सेवानिवृत्त शिक्षकों को किया सम्मानित

ब्यूरो ऋषभ तिवारी

उन्नाव। शहर के विशाल कॉन्टिनेंटल में सेवानिवृत्त शिक्षकों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्राथमिक, माध्यमिक और महाविद्यालय स्तर के 95 सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित किया गया। पूर्व सांसद अन्नू टंडन ने 26 वर्षों से चली आ रही शिक्षकों के सम्मान की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सभी शिक्षकों को शाल, स्मृतिचिह्न, पेन सेट और डायरी भेंट की।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन और मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान किया गया।

अन्नू टंडन ने कहा कि शिक्षक केवल बच्चों को शिक्षा देने का कार्य नहीं करता, बल्कि वह समाज और राष्ट्र के चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शिक्षकों का सम्मान वास्तव में उनके योगदान के प्रति समाज की कृतज्ञता है।

शिक्षक नेता कमलेश नाथ अवस्थी ने शिक्षकों को समाज का महत्वपूर्ण मार्गदर्शक बताते हुए उनके योगदान को रेखांकित किया। वहीं वरिष्ठ समाजवादी मुकेश यादव ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान करना गौरव का विषय है और समाज में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाना चाहिए।

सम्मानित सेवानिवृत्त शिक्षकों ने 26 वर्षों से सम्मान समारोह की परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए अन्नू टंडन के प्रति आभार जताया।

समारोह में शिक्षक, समाजसेवी, अधिवक्ता और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button