17 सितंबर से यूपी में शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, 4.19 करोड़ परिवारों तक पहुंचने का लक्ष्य

25 साल के सेवा काल की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाएगी सरकार, 17 अक्टूबर तक चलेंगे कार्यक्रम
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष का सेवा काल पूरा होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश में एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर 2026 से होगी और 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और मंत्रियों को अभियान में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
4.19 करोड़ परिवारों को जोड़ने का लक्ष्य
अभियान के जरिए प्रदेश के करीब 4.19 करोड़ परिवारों और 15.74 करोड़ लाभार्थियों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें लगभग 3.51 करोड़ ग्रामीण और 68 लाख शहरी परिवार शामिल हैं।
सरकार का फोकस सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकास योजनाओं की उपलब्धियों को लाभार्थियों तक पहुंचाने के साथ-साथ उन्हें ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ने पर रहेगा।
17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’ से शुरुआत
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस : आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर प्रदेश की सभी विधानसभाओं में शिल्पकारों को टूलकिट वितरित की जाएंगी। शाम को प्रमुख विकास परियोजनाओं और लाभार्थी परिवारों के घरों पर दीप जलाए जाएंगे।
युवाओं से लेकर आंगनबाड़ी तक जुड़ेंगे कार्यक्रम
एक महीने के दौरान चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता ‘मेरे सपनों का भारत’, नुक्कड़ नाटक ‘नमो सेवा’, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ और डिजिटल रील अभियान ‘सेवा की कहानी’ जैसे कार्यक्रम होंगे। डिजिटल क्रिएटर्स को जोड़ने के लिए ‘इन्फ्लुएंसर्स कनेक्ट’ भी आयोजित किया जाएगा।
7 अक्टूबर को विशेष यात्राएं
अभियान के दौरान 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जाएगी। इसके साथ वाराणसी से गुजरात के वडनगर तक ‘जल, जन और सेवा संकल्प’ यात्रा का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है।
वहीं लोगों को सेवा कार्यों से जोड़ने के लिए रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जांच और स्वच्छता समेत 25 सेवा गतिविधियां कराई जाएंगी। हर विकासखंड में ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे।
17 अक्टूबर को होगा समापन
एक महीने तक चलने वाले इस अभियान का 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ के साथ समापन होगा। अभियान के जरिए सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को अधिक व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचाने की तैयारी में है।



