उन्नाव में 62 करोड़ की संपत्तियों की होगी ई-नीलामी, 85 व्यावसायिक भूखंडों पर लगेगी बोली

जिला संवाददाता: देवेंद्र तिवारी
उन्नाव। उन्नाव-शुक्लागंज विकास प्राधिकरण (यूएसडीए) अपनी लंबे समय से खाली पड़ी संपत्तियों की ई-नीलामी कराने जा रहा है। प्राधिकरण की कुल 89 संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 62 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके लिए 27 अक्टूबर 2026 से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है, जबकि ऑनलाइन नीलामी 18 नवंबर को प्रस्तावित है।
इस संबंध में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सदर विधायक पंकज गुप्ता रहे। जिलाधिकारी एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष घनश्याम मीणा ने पुष्प भेंट कर उनका स्वागत किया।
89 संपत्तियों की होगी नीलामी
ई-नीलामी में कुल 89 संपत्तियां शामिल की गई हैं। इनमें 85 व्यावसायिक भूखंड, एक आवासीय संपत्ति और तीन शैक्षणिक भूखंड हैं। प्राधिकरण को उम्मीद है कि इस प्रक्रिया से लंबे समय से खाली पड़ी संपत्तियों का उपयोग सुनिश्चित होने के साथ राजस्व में भी वृद्धि होगी।
2012 के बाद पहली बार पहल
यूएसडीए के सचिव एवं नगर मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सिंह के मुताबिक, वर्ष 2012 के बाद पहली बार प्राधिकरण की खाली पड़ी संपत्तियों को ई-नीलामी के माध्यम से बेचने की पहल की जा रही है। इसके बाद करीब 100 करोड़ रुपये की अन्य संपत्तियों को भी नीलामी में शामिल करने की योजना है।
जिलाधिकारी एवं प्राधिकरण अध्यक्ष घनश्याम मीणा के निर्देश पर शुरू की गई इस प्रक्रिया का उद्देश्य निष्क्रिय पड़ी संपत्तियों का बेहतर उपयोग करना और प्राधिकरण के आर्थिक संसाधनों को मजबूत बनाना है।
ई-नीलामी की प्रमुख तारीखें
- पंजीकरण शुरू: 27 अक्टूबर 2026
- पंजीकरण की अंतिम तिथि: 16 नवंबर 2026
- ऑनलाइन नीलामी: 18 नवंबर 2026
- नीलामी का समय: सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक
- आधिकारिक वेबसाइट: usdaunnao.in
प्राधिकरण की इस पहल के बाद इच्छुक बोलीदाताओं के लिए व्यावसायिक, आवासीय और शैक्षणिक भूखंडों की खरीद का अवसर उपलब्ध होगा। अब सभी की निगाहें 18 नवंबर को होने वाली ऑनलाइन नीलामी पर टिकी हैं।



