राजकीय पॉलीटेक्निक डीह में करियर कार्यशाला, 200 से अधिक प्रशिक्षुओं ने लिया हिस्सा

जिला संवाददाता — देवेंद्र तिवारी , Kisan Mail News
उन्नाव। राजकीय पॉलीटेक्निक डीह में जिला सेवायोजन विभाग की ओर से वृहद करियर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें 200 से अधिक डिप्लोमा प्रशिक्षुओं ने प्रतिभाग कर रोजगार और करियर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।
कार्यशाला में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और भविष्य में रोजगार की बदलती संभावनाओं पर विशेष चर्चा की गई। लखनऊ से पहुंचे विशिष्ट वक्ता विजय प्रताप सिंह ने प्रशिक्षुओं को एआई के क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों और बदलती तकनीक के साथ आवश्यक कौशल विकसित करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
अभ्युदय योजना के अनुपम सिंह ने युवाओं को निश्शुल्क सिविल सेवा प्रशिक्षण योजना की जानकारी दी। वहीं सहायक सेवायोजन अधिकारी आस्था सिंह ने सेवायोजन पोर्टल पर उपलब्ध आउटसोर्सिंग की रिक्तियों और रोजगार के अवसरों से प्रशिक्षुओं को अवगत कराया।
जिला सेवायोजन अधिकारी प्रीति चंद्रा ने प्रशिक्षुओं को करियर निर्माण के लिए लगातार नई तकनीक सीखने और अपनी योग्यता के अनुरूप कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बदलती रोजगार आवश्यकताओं के अनुसार युवाओं को स्वयं को तैयार करने पर जोर दिया।
राजकीय पॉलीटेक्निक के प्रधानाचार्य सीबी प्रजापति और प्लेसमेंट अधिकारी पूजा ने भी प्रशिक्षुओं को करियर और रोजगार से संबंधित उपयोगी सुझाव दिए।
कार्यशाला का उद्देश्य तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं को रोजगार के बदलते अवसरों, सरकारी योजनाओं और आवश्यक कौशल की जानकारी देकर उन्हें बेहतर करियर विकल्पों के लिए तैयार करना रहा।



