कानपुर में सुगम यातायात योजना के तहत डीसीपी ट्रैफिक ने किया स्थलीय निरीक्षण

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
कानपुर। सुगम यातायात योजना के तहत पुलिस उपायुक्त यातायात रविंद्र कुमार ने शनिवार को शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसीपी ट्रैफिक ने कल्याणपुर क्रॉसिंग, पनकी रोड, पुरानी शिवली रोड, इंद्रानगर कट और बिठूर तिराहा का निरीक्षण किया। इस दौरान यातायात व्यवस्था, अवैध पार्किंग, ई-रिक्शा व ऑटो संचालन तथा प्रमुख चौराहों पर यातायात संचालन की स्थिति का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी ट्रैफिक ने संबंधित अधिकारियों को मार्गों से अवैध अस्थायी अतिक्रमण हटवाकर यातायात को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ अभियान चलाने को कहा।
उन्होंने प्रमुख चौराहों और तिराहों से ई-रिक्शा, ई-ऑटो और टेंपो को कम से कम 100 मीटर की दूरी पर सवारी बैठाने और उतारने के लिए निर्देशित किया, ताकि चौराहों के आसपास यातायात बाधित न हो।
डीसीपी ट्रैफिक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि चौराहों और तिराहों पर चिन्हित चोक पॉइंट्स की पहचान कर जाम के कारणों को दूर किया जाए। इसका उद्देश्य यात्रियों के अधिकतम यात्रा समय को कम करना और यातायात को अधिक सुगम बनाना है।
पुलिस उपायुक्त यातायात रविंद्र कुमार ने बताया कि सुगम यातायात योजना का उद्देश्य शहरवासियों को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान संबंधित जोन टीआई, रूट मार्शल और सेक्टर प्रभारी भी डीसीपी ट्रैफिक के साथ मौजूद रहे।



