बाड़े में घुसे कुत्तों के झुंड ने 20 भेड़ों को बनाया निशाना, पांच दिन में 34 पशुओं की मौत

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। सफीपुर क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में आवारा कुत्तों के झुंड ने एक पशुपालक के बाड़े में घुसकर भेड़ों पर हमला कर दिया। हमले में 20 भेड़ों की मौत हो गई, जबकि चार भेड़ें गंभीर रूप से घायल हुई हैं। लगातार हो रहे हमलों से पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
बताया गया कि शनिवार देर रात कुत्तों का झुंड बाड़े में घुस गया और भेड़ों पर हमला शुरू कर दिया। पशुपालक और आसपास के लोगों को जब इसकी जानकारी हुई, तब तक कई भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो चुकी थीं।
घटना की सूचना के बाद पशु चिकित्सा टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल भेड़ों का उपचार किया। पशुपालक दुर्गाप्रसाद के अनुसार, इससे पहले भी इसी बाड़े में कुत्तों के हमले की घटना हो चुकी है।
करीब पांच दिन पहले हुए हमले में 14 भेड़ों की मौत हुई थी। अब दोबारा हुए हमले में 20 भेड़ों की मौत से लगातार दो घटनाओं में मृत भेड़ों की संख्या 34 हो गई है।
लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में भी कुत्तों को लेकर चिंता बढ़ी है। पशुपालक ने नुकसान की भरपाई और समस्या के समाधान की मांग की है।



