दोस्ती नगर बाईपास का 15 किलोमीटर होगा विस्तार, गंगा बैराज से जुड़ने पर शहर के ट्रैफिक को मिलेगी राहत

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। शहर के बाहर भारी वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए संचालित दोस्ती नगर बाईपास के विस्तार की तैयारी शुरू हो गई है। प्रस्तावित योजना के तहत बाईपास को करीब 15 किलोमीटर आगे बढ़ाकर गंगा बैराज से जोड़ने की दिशा में सर्वे का काम शुरू किया गया है।
मौजूदा दोस्ती नगर बाईपास का निर्माण करीब आठ महीने पहले पूरा होकर यातायात के लिए शुरू हुआ था। इसका उद्देश्य कानपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग और उन्नाव-हरदोई स्टेट हाईवे से आने वाले भारी वाहनों को शहर के अंदर प्रवेश किए बिना बाहर से निकालना है।
अब प्रस्तावित विस्तार के बाद बाईपास की लंबाई बढ़ेगी और इसे गंगा बैराज से जोड़ने की योजना है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग की टीम मार्ग का सर्वे कर रही है। सर्वे के दौरान संभावित एलाइनमेंट और मार्ग की लंबाई का खाका तैयार किया जा रहा है।
परियोजना पर करीब 1.50 अरब रुपये खर्च होने का अनुमान बताया गया है। बाईपास के गंगा बैराज से जुड़ने के बाद कानपुर और लखनऊ की ओर जाने वाले यातायात को वैकल्पिक मार्ग मिलने की उम्मीद है। इससे उन्नाव शहर के अंदर भारी वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिल सकती है।



