50 फीट गहरे कुएं से युवक का शव बरामद, दो घंटे चला रेस्क्यू; पहचान कराने में जुटी पुलिस

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र के अकरमपुर में करीब 50 फीट गहरे कुएं से एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। रविवार को एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
उन्नाव-शुक्लागंज मार्ग पर अकरमपुर स्थित कुएं में शनिवार शाम पुलिस को शव पड़े होने की जानकारी मिली थी। कुआं काफी गहरा होने के साथ उसमें जहरीली गैस की आशंका भी जताई गई थी। इसी वजह से पुलिसकर्मी सीधे कुएं में उतरने के बजाय विशेषज्ञ टीम की मदद का इंतजार करते रहे।
रविवार को एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त प्रयास के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार शव काफी पुराना होने के कारण खराब अवस्था में था।
मृतक की तत्काल पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। आसपास के थानों और लापता लोगों की जानकारी के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।



