उत्तर प्रदेशकानपुरताजा खबर

बुढ़वा मंगल पर पनकी मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का डीसीपी वेस्ट ने लिया जायजा

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News

कानपुर। बुढ़वा मंगल पर्व के मद्देनजर मंगलवार को डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने पनकी मंदिर पहुंचकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर में आयोजित सुरक्षा व्यवस्था संबंधी बैठक में अधिकारियों के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर तैयारियों की समीक्षा की।

समीक्षा बैठक में मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, प्रवेश और निकास मार्ग तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद डीसीपी वेस्ट ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर मौके पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान मंदिर परिसर और आसपास लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति एवं कवरेज भी जांची गई। डीसीपी वेस्ट ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ करते हुए निर्देश दिया कि सभी पुलिसकर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर पूरी सतर्कता के साथ तैनात रहें।

उन्होंने कहा कि बुढ़वा मंगल पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भीड़ का सुचारु प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के साथ किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

डीसीपी वेस्ट ने स्थानीय लोगों, मंदिर समिति के पदाधिकारियों और मौके पर मौजूद नागरिकों से भी संवाद किया। इस दौरान उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान पश्चिम जोन के सहायक पुलिस आयुक्तों समेत संबंधित पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button