उत्तर प्रदेशताजा खबरलखनऊ

लखनऊ में हुआ फिल्म ‘श्री हनुमान अंश’ की टीम का आत्मीय स्वागत, श्री हनुमान सेतु मन्दिर में हुए विशेष दर्शन-पूजन। पूर्व आईएएस एवं राजनाथ सिंह के प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी एवं एडवोकेट मनोज लाल ने किया स्वागत।

-आर के श्रीवास्तव:प्रमुख संवाददाता



लखनऊ: 23 सितंबर
श्री नीम करौरी बाबा के जीवन एवं उनकी दिव्य प्रेरणा पर आधारित बहुचर्चित फिल्म ‘श्री हनुमान अंश’ की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर अपनी माताजी और मामाजी के साथ विशेष रूप से लखनऊ पहुँचीं। उनके इस आगमन पर शहर के गणमान्य नागरिकों और आराधकों ने उनका भव्य और आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत गोमती तट के किनारे स्थित श्री नीम करौरी बाबा के पावन स्थल से हुई। यहाँ अतिथियों ने श्रद्धापूर्वक दर्शन-पूजन किए और इस पवित्र स्थल के ऐतिहासिक व आध्यात्मिक महत्त्व की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान शालिनी श्रीवास्तव ने अनुप्रिया नागर को पुष्पमाला पहनाकर व हनुमान गमछा ओढ़ाकर सम्मानित किया, जबकि इनकम टैक्स बार एसोसिएशन लखनऊ के अध्यक्ष मनोज लाल एवं सचिव मनीष रंजन द्वारा कलाकारों का आत्मीय अभिनंदन किया गया।
इसके पश्चात सभी अतिथि ऐतिहासिक हनुमान सेतु मंदिर पहुँचे। मंदिर के प्रमुख व्यवस्थापक डी. पी. सिंह ने अनुप्रिया नागर का स्नेहपूर्ण स्वागत किया और विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हनुमान जी तथा बाबा नीम करौरी महाराज के दर्शन कराए। मंदिर कार्यालय में फिल्म निर्माण की पूरी यात्रा पर एक भावपूर्ण और प्रेरणादायक चर्चा हुई, जिसमें निर्माण के प्रत्येक चरण में बाबा की कृपा के अनुभवों को साझा किया गया।
मंदिर के सचिव दिवाकर त्रिपाठी (पूर्व आईएएस एवं माननीय रक्षा मंत्री के विशेष सलाहकार) ने अनुप्रिया नागर को बधाई देते हुए कहा कि यह फिल्म नई पीढ़ी तक बेहद सुंदर और प्रेरक संदेश पहुँचा रही है। इस अवसर पर डी. पी. सिंह ने एक भावुक प्रसंग साझा करते हुए बताया कि कैसे कुछ दिन पूर्व एक छोटी बच्ची ने मन्दिर आकर फिल्म देखकर बाबा नीम करौरी महाराज की तस्वीर माँगी। इस घटना ने यह सिद्ध कर दिया कि यह फिल्म हर आयु वर्ग के हृदय को स्पर्श कर रही है।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को मंदिर का प्रसिद्ध और विशेष प्रसाद (लड्डू) भेंट किया गया। यह भी उल्लेखनीय रहा कि प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर का ननिहाल लखनऊ के कृष्णानगर क्षेत्र में है तथा कलाकार नमन यादव का निवास गोमतीनगर में है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button