बाढ़ ड्यूटी के वेतन को लेकर कान्हा गौशाला में हंगामा, बारिश में गेट पर बैठे कर्मचारी
ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव के नगर पालिका परिषद गंगाघाट क्षेत्र के नेतुआ स्थित कान्हा गौशाला में शुक्रवार सुबह बाढ़ ड्यूटी के अतिरिक्त वेतन को लेकर कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। भीषण बारिश के बीच कर्मचारी गौशाला के गेट पर पन्नी तानकर बैठ गए और अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया।
कर्मचारियों का कहना है कि हर वर्ष बाढ़ के दौरान गौशाला में लगाई गई अतिरिक्त ड्यूटी का वेतन उन्हें दिया जाता रहा है। आरोप है कि 24 सितंबर 2026 को नगर पालिका प्रभारी अनूप शुक्ला और गौशाला प्रभारी राजा बंसल की ओर से कर्मचारियों को बताया गया कि इस बार बाढ़ ड्यूटी का अतिरिक्त वेतन नहीं दिया जाएगा।
इसी को लेकर कर्मचारियों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने शुक्रवार सुबह से गौशाला के गेट पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि गौशाला में काम शुरू होने के बाद से वेतन में कथित रूप से 2,000 रुपये कमीशन लिए जाने की बात कही जाती रही है। कर्मचारियों का दावा है कि इस बार कथित कमीशन नहीं देने के कारण उनका बाढ़ ड्यूटी का वेतन रोक दिया गया।
कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पास न तो पहचान पत्र है और न ही नियुक्ति पत्र उपलब्ध कराया गया है। उनका कहना है कि बैंक खाते में आने वाला वेतन और पीएफ संबंधी रिकॉर्ड ही उनके रोजगार से जुड़े दस्तावेज हैं।
कर्मचारियों के मुताबिक उन्होंने मामले की शिकायत उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और जिलाधिकारी उन्नाव से भी की है। उनका कहना है कि शिकायत के बावजूद अभी तक मामले में कार्रवाई नहीं हुई है।
कर्मचारियों ने बाढ़ ड्यूटी के अतिरिक्त वेतन का भुगतान कराने और लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है। मामले में संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।



