उत्तर प्रदेश में 2027 चुनाव की सुगबुगाहट तेज: पूर्व मंत्री स्वाति सिंह ने जताई चुनाव लड़ने की इच्छा

दैनिक किसान मेल
उत्तर प्रदेश में 2027 चुनाव की सुगबुगाहट तेज: पूर्व मंत्री स्वाति सिंह ने जताई चुनाव लड़ने की इच्छा, 2022 का टिकट कटने पर छलका दर्द
लखनऊ:
उत्तर प्रदेश में साल 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सभी राजनीतिक दलों ने संभावित उम्मीदवारों की सूची तैयार करनी शुरू कर दी है और टिकट पाने के लिए दावेदार हर संभव प्रयास कर रहे हैं। इस बीच, योगी सरकार में मंत्री रहीं स्वाति सिंह ने एक बार फिर चुनाव लड़ने की अपनी इच्छा खुलकर जाहिर की है। उन्होंने कहा है कि उन्होंने अपनी सरोजनीनगर विधानसभा सीट पर काफी मेहनत की है और उन्हें पूरी उम्मीद है कि 2027 में भाजपा उन्हें दोबारा टिकट देगी और चुनाव लड़ाएगी।
गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने स्वाति सिंह का टिकट काटकर राजेश्वर सिंह को सरोजनीनगर सीट से अपना उम्मीदवार बनाया था। एक मीडिया चैनल से बातचीत के दौरान स्वाति सिंह ने दर्द बयां करते हुए कहा, “इतने सालों में मैं आज तक यह नहीं समझ पाई कि मेरी गलती क्या थी, जिसके कारण पार्टी ने 2022 में मेरा टिकट काट दिया।”
स्वाति सिंह : मैंने यूनिवर्सिटी में पढ़ाया भी है। कॉरपोरेट सेक्टर में नौकरी की है। इस बात से कोई महिला इनकार नहीं कर सकती कि वह घर नहीं संभाल सकती। पार्टी ने मुझे महिला मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया, सरोजनीनगर से जीतने पर मंत्री बनाया। मैंने 5 साल महिलाओं के लिए कई काम किए। कुछ काम अधूरे रह गए। अगर 2022 में टिकट मिलता तो उन्हें जरूर पूरा करती।
मुझे लगता है कि ऐसा होना चाहिए। प्रधानमंत्री बार-बार कहते हैं कि जीत का श्रेय आधी आबादी को देता हूं। जब आधी आबादी की भागीदारी इतनी सकारात्मक है, तो महिलाओं को जरूर मौका देना चाहिए।




