दुर्घटना/ हादसालखीमपुर

दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं, घर के आंगन में फुलझड़ियां जला रहे 10 साल के मासूम को उठा ले गया तेंदुआ; गन्ने के खेत में मिला शव

लखीमपुर खीरी:
लखीमपुर खीरी (गोला गोकर्णनाथ):
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में दीपावली की रात एक बड़ा दर्दनाक हादसा सामने आया है। गोला गोकर्णनाथ कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जमुनाबाद फार्म गांव में दीपावली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब एक तेंदुआ घर के आंगन से 10 साल के मासूम बच्चे को उठा ले गया। अगली सुबह बच्चे का क्षत-विक्षत शव गन्ने के खेत से बरामद हुआ, जिससे पूरे इलाके में कोहराम मच गया है।
आंगन में जला रहा था फुलझड़ियां, तभी हुआ हमला
गन्ना शोध केंद्र के पास रहने वाले दिहाड़ी मजदूर लालू (40) का इकलौता बेटा 10 वर्षीय रोहित (जो गांव के ही स्कूल में कक्षा 5 का छात्र था) रविवार को दीपावली की शाम अपने घर के आंगन में पटाखे और फुलझड़ियां जला रहा था। घर के भीतर उसकी मां सरोजा देवी (37) खाना बना रही थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठा एक तेंदुआ अचानक दीवार फांदकर घर के अंदर कूद पड़ा और मासूम रोहित को दबोचकर ले गया।
रातभर तलाश, सुबह मिला 3 टुकड़ों में शव
घटना के बाद परिवार और ग्रामीणों ने रात में ही जंगल और आसपास के इलाकों में बच्चे की बहुत तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह जब ग्रामीणों ने दोबारा खोजबीन शुरू की, तो घर से कुछ दूरी पर स्थित गन्ने के खेत में रोहित का शव मिला। बच्चे का शरीर तीन टुकड़ों में बंटा हुआ था—अधखाया सिर और पैर अलग पड़े थे। इकलौते बेटे की ऐसी भयानक हालत देखकर मां सरोजा देवी मौके पर ही बेसुध होकर गिर पड़ीं, जिससे पूरे गांव की आंखें नम हैं।
वन विभाग की टीम तैनात, ग्रामीणों में भारी रोष
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विभाग ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और तेंदुए की तलाश के लिए कांबिंग शुरू कर दी है। हालांकि, इस दर्दनाक घटना के बाद से ग्रामीणों में वन विभाग की कार्यशैली को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि आए दिन इस क्षेत्र में जंगली जानवरों की आमद बनी हुई है, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।
संवाददाता: अली, लखीमपुर खीरी
पोर्टल: हिंदी दैनिक किसान मेल

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button