उत्तर प्रदेशराजनीतिलखनऊ

2047 तक ऐसा भारत बनाएँगे, जहाँ हर बच्चे को मिले समान अवसर और हर सपने को मिले उड़ान- डॉ. राजेश्वर सिंह

सरोजनी नगर “युवा नौकरी माँगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें; अवसरों से बनेगा आत्मनिर्भर भारत”: डॉ. राजेश्वर सिंह

दीपावली पर युवाओं से आह्वान—समान अवसर, शिक्षा, उद्यमिता और ईमानदारी के संकल्प से करें विकसित भारत का निर्माण।

लखनऊ। सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने दीपावली के अवसर पर आर्थिक और सामाजिक असमानता पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हर आँकड़े के पीछे एक माँ का संघर्ष है, जो अपने बच्चे की पढ़ाई के लिए खुद एक वक्त का भोजन छोड़ देती है, और एक पिता की कहानी है, जो पूरी जिंदगी मेहनत करने के बाद भी अपने बच्चों के लिए एक घर नहीं छोड़ पाता। असमानता आज भी हमारी आज़ादी की अधूरी लड़ाइयों में से एक है।

उन्होंने बताया कि भारत में शीर्ष 1% लोगों के पास लगभग 40% संपत्ति है, जबकि निचले 50%, यानी लगभग 73 करोड़ लोगों के पास केवल 6.4% संपत्ति है। राष्ट्रीय आय का 58% शीर्ष 10% लोगों को मिलता है, जबकि निचले 50% के हिस्से में केवल 15% आता है। वैश्विक स्तर पर भी शीर्ष 1% के पास 37% संपत्ति है, जबकि दुनिया की आधी आबादी के पास केवल 2% संपत्ति है।

युवाओं को संबोधित करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि सफलता कोई अपराध नहीं है, लेकिन किसी प्रतिभाशाली बच्चे का भविष्य उसके जन्म और पारिवारिक आर्थिक स्थिति से तय नहीं होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से ऐसे Skills विकसित करने, रोजगार सृजित करने, Saving और Investment की आदत अपनाने तथा आसान पैसे के लालच से बचने का आह्वान किया।

उन्होंने जातिगत भेदभाव को नकारने, बेटियों की शिक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने, मतदान में काम और विकास को प्राथमिकता देने तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध दृढ़ता से खड़े होने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक शिक्षित और आत्मनिर्भर बेटी अपने परिवार की तकदीर पीढ़ियों तक बदल सकती है।

अपने विजन को साझा करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि उनका सपना 2047 तक ऐसा भारत बनाने का है, जहाँ किसी बच्चे का भविष्य उसके Surname या पिता के Bank Balance से तय न हो। हमारे युवा केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें और एक समृद्ध भारत के निर्माण में सभी को साथ लेकर आगे बढ़ें।

दीपावली के पावन अवसर पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने संदेश दिया कि आइए, हम सब असमानता कम करने, हर बच्चे को समान अवसर देने और विकास की रोशनी प्रत्येक घर तक पहुँचाने का संकल्प लें। जिस प्रकार दीपावली के दीप अंधकार दूर करते हैं, उसी प्रकार हमारे सामूहिक प्रयास हर जीवन में आशा, सम्मान और समृद्धि का प्रकाश फैलाएँ।

उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा—“मेरे युवा साथियों, आप ही मेरी आशा हैं। आप ही 2047 के विकसित भारत के निर्माता हैं।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button