बंद मकान से लाइसेंसी बंदूक-जेवर चोरी करने वाले दो गिरफ्तार, सामान बरामद

जिला संवाददाता — देवेंद्र तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। गंगाघाट थाना क्षेत्र के अखलाकानगर में बंद मकान की खिड़की की जाली तोड़कर हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की लाइसेंसी 12 बोर की एक नाली बंदूक, लैपटॉप, टैबलेट, जेवर, मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद करने का दावा किया है। घटना में शामिल एक बाल अपचारी को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने शनिवार को पुलिस लाइन में मामले का खुलासा किया।
रिश्तेदारी में गई थी महिला, पीछे से टूटे मकान के ताले
पुलिस के अनुसार अखलाकानगर निवासी चांद बीबी पत्नी मुबीनुज्जमा खां 23 सितंबर की रात मकान में ताला लगाकर कानपुर नगर के मोती नगर स्थित रिश्तेदारी में गई थीं। 24 सितंबर की सुबह लौटने पर मकान के पीछे स्थित खिड़की की जाली टूटी मिली। दूसरी मंजिल के कमरे का दरवाजा भी क्षतिग्रस्त था।
अंदर जाकर जांच करने पर अलमारी से जेवर, एचपी कंपनी का लैपटॉप, सैमसंग टैबलेट और लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक समेत अन्य सामान गायब मिला। पीड़िता की तहरीर पर गंगाघाट थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
चंदन घाट से पकड़े गए दोनों आरोपित
पुलिस के मुताबिक मुखबिर की सूचना पर 25 सितंबर को चंदन घाट से गुलफ्राम पुत्र आरिफ और अरबाज पुत्र मोहम्मद मुख्तार को गिरफ्तार किया गया। गुलफ्राम की उम्र करीब 22 वर्ष और अरबाज की करीब 18 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने घटना में शामिल एक बाल अपचारी को भी संरक्षण में लिया है।
बंदूक समेत चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक लाइसेंसी 12 बोर की एक नाली बंदूक, एचपी लैपटॉप, साइंटिफिक कैलकुलेटर, सैमसंग का 32 जीबी टैबलेट, पीली धातु की तीन अंगूठियां, सफेद धातु की दो जोड़ी पायल, चांदी के दो सिक्के और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस का दावा है कि चोरी गया शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया गया है। आरोपितों से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
गुलफ्राम पर पहले से कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार गुलफ्राम के खिलाफ कानपुर नगर के चकेरी और महाराजपुर थानों में चोरी और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। गंगाघाट थाने में भी उसके खिलाफ वर्ष 2026 में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
15 पुलिसकर्मी रहे कार्रवाई में शामिल
घटना के खुलासे में उपनिरीक्षक अजय कुमार सिंह, माबूह रजा, विनोद सिंह, हेड कांस्टेबल सत्येंद्र सिंह समेत कुल 15 पुलिसकर्मी शामिल रहे।



