उत्तर प्रदेशकानपुरताजा खबर

जाजमऊ की जूता फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों का तैयार माल जलने की आशंका

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News

कानपुर। जाजमऊ क्षेत्र स्थित एक जूता फैक्ट्री में शनिवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की विकराल लपटें देखकर आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

जानकारी के मुताबिक मेस्टन रोड निवासी महबूब इलाही की जाजमऊ स्थित कामसेफ फुटवियर में शनिवार सुबह आग लग गई। सूचना मिलने पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा के निर्देश पर दमकल की गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना की गईं।

मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग की स्थिति का जायजा लेकर तत्काल बुझाने का काम शुरू किया। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के साथ आग पर काबू पाया। इसके बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया।

फायर विभाग के मुताबिक घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि आग की चपेट में आने से फैक्ट्री में रखा तैयार माल बड़े पैमाने पर जलने की बात सामने आ रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फैक्ट्री मालिक को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। नुकसान का वास्तविक आकलन संबंधित विभाग की जांच के बाद स्पष्ट होगा।

Related Articles

Back to top button