उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

36 घंटे की बारिश के बाद शहर में उतरे डीएम, जलभराव और जल निकासी व्यवस्था का लिया जायजा

संवाददाता — सचिन पांडेय, Kisan Mail News

उन्नाव। जिले में लगातार करीब 36 घंटे से हो रही बारिश के बाद जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने रविवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर जलभराव और जल निकासी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने ईदगाह-पत्थर कटा कॉलोनी, गांधी नगर, आदर्श नगर और पीडी नगर समेत कई इलाकों में पहुंचकर मौके की स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नगर पालिका क्षेत्र में जलभराव वाले स्थानों से पानी निकालने के लिए नौ स्थानों पर पंपिंग सेट लगाए गए हैं। इसके अलावा दो स्थानों पर मड पंप को जनरेटर सेट के साथ लगाया गया है। पानी की निकासी के लिए साकिंग मशीन की भी व्यवस्था की गई है।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने नालों और नालियों में फ्लोटिंग की स्थिति पर नजर रखने तथा जहां भी जल निकासी प्रभावित हो रही है, वहां तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने और जलभराव वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने को कहा।

बारिश को देखते हुए आपदा और चिकित्सा विभाग की टीमें भी सक्रिय हैं। संबंधित अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। डीएम ने लोगों से अपील की कि अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल प्रशासन को सूचना दें।

निरीक्षण के दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व सुशील कुमार गोंड समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button