उन्नाव में अभ्युदय योजना के विद्यार्थियों को सफलता के मंत्र, सीडीओ कृति राज ने सिखाए लक्ष्य और समय प्रबंधन के गुर

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के विद्यार्थियों के लिए सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत विशेष मोटिवेशन क्लास का आयोजन किया गया। डायट स्थित स्काउट गाइड भवन में आयोजित कार्यक्रम में सीडीओ कृति राज ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और सफलता को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
सीडीओ ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित करने, समय का सही प्रबंधन करने और आत्मविश्वास बनाए रखने को सफलता की प्रमुख कुंजी बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित समय-सारिणी बनाकर अध्ययन करने, पढ़े हुए विषयों की पुनरावृत्ति करने और लगातार अभ्यास करने की सलाह दी।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि और क्षमताओं को पहचानने तथा उनमें लगातार सुधार करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अनुशासन, सकारात्मक सोच और निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। सीडीओ ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी प्रतियोगिताओं में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रकाश पांडेय समेत संबंधित विभागीय अधिकारी और विषय विशेषज्ञ मौजूद रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को मेहनत और नियमित अभ्यास के साथ अपनी तैयारी जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।



