गांधी-शास्त्री जयंती पर संत नान्हू बाबा समाधि स्थल पर लगा स्वास्थ्य शिविर, 345 मरीजों को मिला निशुल्क उपचार

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। गांधी-शास्त्री जयंती के अवसर पर संत नान्हू बाबा समाधि स्थल पर आयोजित दो दिवसीय मेले के समापन अवसर पर निश्शुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में कुल 345 मरीजों ने पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया। चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच करने के बाद उन्हें निश्शुल्क दवाएं भी वितरित की गईं।
स्वास्थ्य शिविर में वेदांता हेल्थकेयर क्लीनिक, आवास विकास की चिकित्सकीय टीम ने मरीजों का परीक्षण किया। इस दौरान बुखार, जुकाम और त्वचा संबंधी समस्याओं से पीड़ित लोगों को आवश्यक परामर्श दिया गया। साथ ही बदलते मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए लोगों को जागरूक भी किया गया।
शिविर में सदर विधायक पंकज गुप्ता के पुत्र प्रखर गुप्ता ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान भाजपा नेता श्रीराम राजपूत और राजेश राजपूत ने प्रखर गुप्ता का स्वागत किया।
कार्यक्रम में क्लीनिक के प्रबंधक मयंक बाजपेई, चिकित्सकीय टीम, वरिष्ठ पत्रकार प्राचीन्द्र मिश्रा समेत अन्य लोग मौजूद रहे। निश्शुल्क स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और दवाओं का लाभ मिला।



