उन्नाव में मिशन शक्ति फेज-6.0 की पहल, परिवार परामर्श केंद्र से जुड़े 20 दंपति सम्मानित

संवाददाता — सचिन पांडेय, Kisan Mail News
उन्नाव। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिला थाना पुलिस की ओर से परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से पुनर्स्थापित 20 दंपतियों को सम्मानित किया गया। महिला थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दंपतियों को बुलाकर उनके पारिवारिक जीवन और आपसी सामंजस्य का फीडबैक लिया गया।
कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक रेखा सिंह, उपनिरीक्षक कंचन यादव और परिवार परामर्श समिति के प्रभारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव मौजूद रहे। पुलिस टीम ने दंपतियों से बातचीत कर उनके वर्तमान पारिवारिक जीवन की स्थिति और आपसी संबंधों के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान सभी 20 दंपतियों को सम्मानित किया गया और मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया गया। दंपतियों ने परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से मिले पुलिस के सहयोग और मार्गदर्शन पर संतोष जताया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में वे आपसी प्रेम, विश्वास और सौहार्द के साथ अपना पारिवारिक जीवन बिता रहे हैं।
महिला थाना पुलिस की इस पहल का उद्देश्य पारिवारिक विवादों को बातचीत और आपसी सहमति के माध्यम से सुलझाकर परिवारों को फिर से जोड़ना है।
मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान और पारिवारिक विवादों के सौहार्दपूर्ण निस्तारण के लिए पुलिस की ओर से ऐसे प्रयास जारी हैं।



