उन्नाव में जनपद स्तरीय मिलेट्स किसान मेले का आयोजन, किसानों को बांटे सरसों के बीज; लाभार्थियों को मिली ट्रैक्टर और बाइक की चाबी

जिला संवाददाता — देवेंद्र तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। शहर के निराला प्रेक्षागृह में जनपद स्तरीय मिलेट्स किसान मेले का आयोजन किया गया। सदर विधायक पंकज गुप्ता ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मेले में किसानों को उन्नत खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों और रबी की फसलों की उत्पादकता बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को सरसों के बीज वितरित कर खेती के प्रति प्रोत्साहित किया गया। कृषि विभाग की योजना के लाभार्थी रामदेव सिंह को ट्रैक्टर की चाबी सौंपी गई। वहीं, मत्स्य पालन योजना के एक लाभार्थी को विधायक पंकज गुप्ता ने बाइक की चाबी भेंट की।
विधायक पंकज गुप्ता ने किसानों से मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है। इसके साथ ही किसानों को आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करने के लिए पशुपालन और मत्स्य पालन जैसे सहायक व्यवसाय अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
किसान मेले का उद्देश्य किसानों को कृषि संबंधी योजनाओं, उन्नत तकनीकों और सरकारी सहायता की जानकारी देकर उनकी आय बढ़ाने के प्रयासों को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कृति राज, उप कृषि निदेशक अजय कृष्ण राय, जिला कृषि अधिकारी रविप्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।



