उन्नाव: हाईवे पार करते समय बाइक की टक्कर से महिला की मौत, चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया

कोरारी की शिखा आहूजा कोल्ड स्टोरेज में करती थीं मजदूरी, बाइक चालक संजय सविता भी घायल; जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
जिला संवाददाता— देवेंद्र तिवारी , Kisan Mail News
उन्नाव। अचलगंज थाना क्षेत्र के कोरारी कलाँ में उन्नाव-लालगंज हाईवे पर सोमवार देर शाम सड़क पार करते समय बाइक की टक्कर लगने से 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे में बाइक चालक भी घायल हो गया। मृतका की पहचान कोरारी निवासी रमेश सोनकर की पत्नी शिखा के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। शिखा की मौत से उनके तीन बेटों और एक बेटी के सिर से मां का साया उठ गया।
जानकारी के अनुसार, शिखा कोरारी कलाँ स्थित उन्नाव-लालगंज हाईवे किनारे आहूजा कोल्ड स्टोरेज में मजदूरी करती थीं। वह आलू व्यापारी अनवर के यहां आलू की छंटाई और बिनाई का काम करके परिवार का भरण-पोषण करती थीं। सोमवार देर शाम काम खत्म करने के बाद वह घर लौट रही थीं। इसी दौरान सड़क पार करते समय उन्नाव की ओर से आ रही बाइक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जिला अस्पताल ले जाते समय महिला की मौत
हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल शिखा को जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। बाइक चालक की पहचान कोरारी कलां निवासी संजय सविता पुत्र विद्याशंकर के रूप में हुई है। बताया गया कि संजय भी फैक्ट्री में काम करने के बाद घर लौट रहा था। हादसे में संजय भी घायल हो गया, जिसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया
शिखा के तीन बेटे और एक बेटी हैं। वह मजदूरी करके परिवार की आर्थिक जरूरतें पूरी करने में अहम भूमिका निभाती थीं। उनकी अचानक मौत से बच्चों और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां को खोने के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर अचलगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में घायल बाइक चालक संजय सविता का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। मामले में पुलिस की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



