उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

उन्नाव में आज से महंगी हुई सीएनजी, 2.25 रुपये प्रति किलो बढ़े दाम; अब 106 रुपये में मिलेगी एक किलो गैस

जिला संवाददाता : देवेंद्र तिवारी

उन्नाव। जिले में वाहन चालकों को महंगाई का एक और झटका लगा है। रविवार एक नवंबर से सीएनजी की नई दरें लागू हो गई हैं। ग्रीन गैस लिमिटेड ने उन्नाव में सीएनजी की कीमत में 2.25 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की है। पहले जहां वाहन चालकों को एक किलो सीएनजी के लिए 103.75 रुपये चुकाने पड़ते थे, वहीं अब इसके लिए 106 रुपये देने होंगे।

सुबह छह बजे से लागू हुईं नई दरें

ग्रीन गैस लिमिटेड की ओर से जारी संशोधित दरों के अनुसार एक नवंबर की सुबह छह बजे से नई कीमतें प्रभावी हो गई हैं। उन्नाव में सीएनजी के दामों में हुई यह बढ़ोतरी लखनऊ, आगरा, अयोध्या और सुल्तानपुर की तुलना में अधिक है। इन शहरों में एक रुपये प्रति किलो की वृद्धि की गई है, जबकि उन्नाव में सीधे 2.25 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है।

कंपनी ने बताई कीमत बढ़ने की वजह

कंपनी अधिकारियों के मुताबिक सर्दियों के मौसम में गैस की मांग बढ़ने और वैश्विक स्तर पर आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता के चलते रीगैसीफाइड लिक्विफाइड नेचुरल गैस (आरएलएनजी) की खरीद लागत में वृद्धि हुई है। इसी वजह से सीएनजी की खुदरा कीमतों में संशोधन किया गया है।

पांच शहरों में लागू हुईं नई दरें

नई दरों के अनुसार लखनऊ और आगरा में सीएनजी 107 रुपये से बढ़कर 108 रुपये प्रति किलो हो गई है। उन्नाव में 103.75 रुपये से बढ़कर 106 रुपये प्रति किलो, जबकि अयोध्या और सुल्तानपुर में 105 रुपये से बढ़कर 106 रुपये प्रति किलो कीमत निर्धारित की गई है।

वाहन चालकों की जेब पर बढ़ेगा बोझ

सीएनजी के दाम बढ़ने से जिले में सीएनजी से चलने वाले निजी वाहनों, ऑटो और अन्य व्यावसायिक वाहनों के संचालकों का खर्च बढ़ेगा। नियमित रूप से सीएनजी भरवाने वाले वाहन चालकों को अब हर बार पहले की तुलना में अधिक भुगतान करना पड़ेगा। ऐसे में बढ़ी हुई कीमतों का असर वाहन संचालन और परिवहन खर्च पर भी पड़ सकता है।

Related Articles

Back to top button