उन्नाव में मवेशियों को खोलते समय किसान पर गिरी कच्ची दीवार, मलबे में दबकर 45 वर्षीय किसान की मौत; परिवार में मचा कोहराम

जिला संवाददाता : देवेंद्र तिवारी
पुरवा/नवाबगंज (उन्नाव)। जिले में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में कच्ची दीवार गिरने से मलबे में दबकर किसान की मौत हो गई। हादसे के समय किसान घर के सामने छप्पर के नीचे बंधे मवेशियों को खोल रहे थे। अचानक दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर किसान को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार नवाबगंज कोतवाली क्षेत्र के बछौरा गांव निवासी सुरेश (45) पुत्र शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे अपने घर के सामने कच्ची दीवार पर रखे छप्पर के नीचे बंधे मवेशियों को खोल रहे थे। इसी दौरान अचानक कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई और सुरेश उसके मलबे में दब गए।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजन और ग्रामीण
दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर घर के लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर मलबा हटाया और उसके नीचे दबे सुरेश को बाहर निकाला। आनन-फानन में उन्हें नवाबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
किसान की अचानक मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पत्नी मंजरी, बेटे दीपक और अवधेश तथा बेटी प्रियंका का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी हादसे के बाद शोक का माहौल बन गया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
सीएचसी से प्राप्त मेमो के आधार पर उपनिरीक्षक राघवेंद्र अग्निहोत्री मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल भवन मौर्य ने बताया कि कच्ची दीवार गिरने से मलबे में दबकर किसान की मौत हुई है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



